home page

बिहार के अररिया में पुल के अभाव में जीवन का अंतिम सफर भी कष्टप्रद,पानी से होकर निकला जनाजा

 | 
बिहार के अररिया में पुल के अभाव में जीवन का अंतिम सफर भी कष्टप्रद,पानी से होकर निकला जनाजा


अररिया 18 जुलाई(हि.स.)।

विकास के दावों के बीच प्रखंड के रामपुर दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या-12 से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने प्रशासनिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शनिवार को गांव में एक व्यक्ति के निधन के बाद उनके जनाजे को कब्रिस्तान तक पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को नदी के गहरे पानी में उतरकर शव ले जाना पड़ा। इस दौरान दर्जनों लोग अपनी जान जोखिम में डालकर अंतिम यात्रा में शामिल हुए। घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड संख्या-12 में नदी पर पुल नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं। मरीजों को अस्पताल ले जाना हो, बच्चों को स्कूल पहुंचना हो या फिर किसी मृतक के जनाजे को कब्रिस्तान तक ले जाना, हर बार लोगों को जान जोखिम में डालनी पड़ती है। उनका कहना है कि वर्षों से पुल निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन आज तक स्थायी समाधान नहीं हो सका।

स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव के बाद क्षेत्र की मूलभूत समस्याएं जस की तस रह जाती हैं। ग्रामीणों ने यह भी मांग की कि जब तक पुल का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक बरसात के मौसम में नाव जैसी वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

रामपुर दक्षिण पंचायत क्षेत्र में पुल निर्माण की मांग कई वर्षों से चली आ रही है। बरसात में चचरी पुल बह जाने से गांव का संपर्क टूट जाता है और लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।27 अप्रैल 2026 को फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास ने रामपुर दक्षिण पंचायत के अंसारी चौक–इस्लामपुर मार्ग पर लगभग 7.68 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल का शिलान्यास किया था। उस समय इसे क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया था। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि जिस मार्ग से वार्ड संख्या-12 के लोग कब्रिस्तान आते-जाते हैं, वहां अब भी पुल का अभाव है।

इस संबंध में विधायक मनोज विश्वास ने कहा कि उन्होंने संवेदक से बात की है। उन्होंने बताया कि लगातार बरसात होने के कारण निर्माण कार्य की गति प्रभावित हुई है। मौसम अनुकूल होते ही तेजी से काम शुरू कराया जाएगा और निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने भरोसा दिलाया कि पुल निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलेगी।

लोगों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि पुल निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और बरसात के दौरान अस्थायी आवागमन की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी परिवार को अपने प्रियजन की अंतिम यात्रा भी इस तरह कठिन परिस्थितियों में पूरी न करनी पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर