बांकीपुर उपचुनाव : जन सुराज को मिला 'स्कूल का बस्ता' चुनाव चिह्न
-जनसुराग ने भाजपा पर लगाया आचार संहिता उल्लंघन का आरोप
पटना, 17 जुलाई (हि.स.)। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जन सुराज पार्टी को 'स्कूल का बस्ता' चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर को यह चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है, जो मतपत्र पर क्रम संख्या-9 पर होगा।
मनोज भारती ने कहा कि 'स्कूल का बस्ता' जन सुराज पार्टी का अधिकृत चुनाव चिह्न है और पार्टी चाहती है कि यह जानकारी बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता तक पहुंचे। उन्होंने मतदाताओं से मतदान के दौरान इसी चुनाव चिह्न को पहचानने की अपील की।
इस अवसर पर मनोज भारती ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन की भी जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार के दौरान विपक्षी दल, विशेषकर भाजपा, आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन कर रही है। उनका दावा था कि पिछले दो दिनों के दौरान पटना के विभिन्न चौराहों पर प्रशांत किशोर के खिलाफ भ्रामक और असत्य पोस्टर लगाए गए, जो चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जन सुराज पार्टी के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मिलकर शिकायत दर्ज कराई है।
मनोज भारती ने आरोप लगाया कि जन सुराज पार्टी के समर्थकों की सहमति से निजी परिसरों पर लगाए गए पोस्टर और बैनर कुछ लोग जबरन हटा रहे हैं और उनकी जगह भाजपा के झंडे, पोस्टर एवं बैनर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि संबंधित लोग स्वयं को नगर निगम का कर्मचारी बताते हैं, लेकिन पहचान पत्र मांगने पर वहां से चले जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर बिना मकान मालिक की अनुमति के भी प्रचार सामग्री लगाई जा रही है। इस मामले में भी चुनाव आयोग से हस्तक्षेप की मांग की गई है।
मनोज भारती ने कहा कि ज्ञापन में एक अन्य मुद्दा भी उठाया गया है। उनके अनुसार, वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान कुछ स्थानों पर मतदान के दिन जीविका दीदियों की तैनाती बूथों के बाहर और कुछ मामलों में बूथों के भीतर किए जाने के आरोप लगे थे। उन्होंने मांग की कि बांकीपुर उपचुनाव में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो और चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाए।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

