home page

नीतीश कुमार के 20 वर्षों के कार्यकाल पर जदयू ने मनाया सुशासन दिवस, नगर भवन में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता

 | 
नीतीश कुमार के 20 वर्षों के कार्यकाल पर जदयू ने मनाया सुशासन दिवस, नगर भवन में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता


बक्सर, 24 नवंबर (हि.स.)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के दो दशक के कार्यकाल को लेकर मंगलवार को बक्सर के नगर भवन में जनता दल (यूनाइटेड) जिला इकाई की ओर से 'सुशासन दिवस : नीतीश संवाद' समारोह का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष राजकुमार शर्मा की अध्यक्षता एवं जिला प्रवक्ता जितेन्द्र कुमार सिंह के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा एवं कार्यक्रम प्रभारी सह बिहार राज्य नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को पिछड़ेपन से बाहर निकालकर विकास की नई दिशा दी है। गांव-गांव तक बिजली, बेहतर सड़कें और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था पिछले दो दशकों में हुए बदलाव के प्रमाण हैं।

वहीं डॉ. अजय सिंह ने कहा कि सरकार ने वोट बैंक की राजनीति के बजाय समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए काम किया है। बेटियों की शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत बनाने के फैसलों ने बिहार को नई पहचान दिलाई है।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि नगर भवन में उमड़ी भीड़ नीतीश कुमार के नेतृत्व और विकास कार्यों के प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra