home page

बिहार और बक्सर के विकास को मिली नई गति, प्रधानमंत्री ने दी 34 हजार करोड़ की 227 परियोजनाओं की सौगात

 | 
बिहार और बक्सर के विकास को मिली नई गति, प्रधानमंत्री ने दी 34 हजार करोड़ की 227 परियोजनाओं की सौगात


बक्सर, 23 नवंबर (हि.स.)। बिहार के विकास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वैशाली की ऐतिहासिक धरती से बिहार को करीब 34 हजार करोड़ रुपये की 227 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें कच्ची दरगाह से बिदुपुर को जोड़ने वाले छह लेन के गंगा पुल को ‘नीतीश सेतु’ नाम देने के साथ बक्सर के चौसा थर्मल पावर प्लांट की दूसरी इकाई समेत बिजली, शिक्षा, पशुपालन और औद्योगिक विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। ये बातें भाजपा के बक्सर विधायक आनंद मिश्रा एवं जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहीं।

दोनों नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और बिहार सरकार के समन्वित प्रयासों से राज्य विकास, ऊर्जा, शिक्षा, औद्योगिक विस्तार और रोजगार सृजन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है। यह डबल इंजन सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि बक्सर के चौसा स्थित ताप विद्युत परियोजना की 600 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई राष्ट्र को समर्पित किया जाना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। 7,037 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना की दोनों इकाइयों के संचालन से कुल 1,320 मेगावाट बिजली उत्पादन की क्षमता विकसित होगी। इससे बिजली आपूर्ति के साथ औद्योगिक विकास और रोजगार की संभावनाओं को भी मजबूती मिलेगी।

नेताओं ने बताया कि छोटका सिंहपुरा में 12.66 करोड़ रुपये की लागत से 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का उद्घाटन किया गया है। यहां 10-10 एमवीए क्षमता के दो ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं। इससे 56 गांवों के लगभग 11,500 परिवारों को बेहतर बिजली सुविधा मिलेगी।

औद्योगिक विकास के लिए नावानगर में 125 एकड़ भूमि पर विशेष आर्थिक क्षेत्र विकसित करने की योजना को भी महत्वपूर्ण बताया। वहीं, नावानगर के परसागंडा, इटाढ़ी के बड़का गांव और सिमरी के ठकाईच में विद्यालय भवनों के निर्माण एवं उद्घाटन से शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इन योजनाओं पर 9.47 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

इसके अतिरिक्त डुमरांव के गोकुल ग्राम में 37.43 करोड़ रुपये की लागत से हीफर पालन केंद्र की स्थापना को पशुपालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए अहम पहल बताया गया। अंत में विधायक आनंद मिश्रा एवं जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से बक्सर सहित पूरे बिहार में विकास, रोजगार और आर्थिक समृद्धि को नई गति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra