सेवा संकल्प सह कायाकल्प अभियान की डीडीसी ने की समीक्षा, समय पर काम पूरा करने का निर्देश
बक्सर, 19 नवंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प सह कायाकल्प अभियान के तहत जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति को लेकर गुरुवार को समीक्षा बैठक की गई। समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि की अध्यक्षता में हुई बैठक में संबंधित विभागों एवं कार्यान्वयन एजेंसियों के कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान उप विकास आयुक्त ने अभियान के तहत निर्धारित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करने को कहा। साथ ही, क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं का त्वरित समाधान कर निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
डीडीसी ने कहा कि अभियान के उद्देश्यों को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों की सक्रिय सहभागिता और जवाबदेही जरूरी है। उन्होंने नियमित समीक्षा के साथ कार्यों की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

