home page

मुकदमा नहीं, समाधान चुनें’—बक्सर में मध्यस्थता अभियान के तहत कार्यशाला

 | 
मुकदमा नहीं, समाधान चुनें’—बक्सर में मध्यस्थता अभियान के तहत कार्यशाला


बक्सर, 14 अगस्त (हि.स.)।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) बक्सर के तत्वावधान में बक्सर न्याय मंडल के न्यायाधीशों के बीच ‘राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान’ के तहत विशेष कार्यशाला सह विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति (एमसीपीसी) तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (बीएसएलएसए) के दिशा-निर्देशों के तहत किया गया।

कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों ने मध्यस्थता को विवादों के त्वरित, सुलभ और कम खर्चीले समाधान का प्रभावी माध्यम बताया। वक्ताओं ने कहा कि मध्यस्थता के जरिए पक्षकार आपसी बातचीत और सहमति से विवाद का समाधान कर सकते हैं। इससे न्यायालयों में लंबित मुकदमों का बोझ कम होने के साथ-साथ समाज में शांति और सौहार्द को भी बढ़ावा मिलता है। अभियान के तहत लोगों को संदेश दिया गया कि ‘मुकदमा नहीं, समाधान चुनें—मध्यस्थता से समाधान पाएं।’

अभियान के दौरान वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, वाणिज्यिक विवाद, सेवा मामले, समझौता योग्य आपराधिक मामले, ऋण वसूली, बंटवारा, बेदखली, भूमि अधिग्रहण, उपभोक्ता विवाद तथा अन्य उपयुक्त सिविल मामलों का मध्यस्थता के माध्यम से समाधान कराने पर जोर दिया गया।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बक्सर सुश्री काजल झाम्ब तथा डालसा सचिव श्रीमती नेहा दयाल ने जिले के आमजनों एवं पक्षकारों से अपील की कि वे लंबित अथवा नए विवादों के समाधान के लिए एडीआर भवन, बक्सर स्थित मध्यस्थता केंद्र से संपर्क करें। यहां विवादों का समाधान बिना अतिरिक्त खर्च के गोपनीय और सौहार्दपूर्ण वातावरण में कराया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra