home page

जन आक्रोश महिला सम्मेलन: विपक्ष समझ ले यह देश की हर बेटी- बहन के सम्मान का सवाल है: संजय सरावगी

 | 


पटना, 20 अप्रैल (हि.स.)। पटना के गांधी मैदान में बिहार प्रदेश के कोने-कोने से जुटी लाखों महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि 'हम अपना हक लेकर रहेंगे'। भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित ‘जन आक्रोश महिला सम्मेलन’ में आज भीषण गर्मी के बावजूद बिहार के कोने-कोने से महिलाएं पटना पहुंचीं और अपने अधिकारों की मांग को लेकर मजबूती से आवाज उठाई।

लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित नहीं होने से आक्रोशित महिलाएं गांधी मैदान पहुंचीं और इसके लिए विपक्षी दलों को जिम्मेदार ठहराते हुए कांग्रेस, राजद सहित विपक्ष के सभी दलों को निशाने पर लिया।

चिलचिलाती धूप में आक्रोशित महिलाएं हुंकार भरी और विपक्ष को साफ चुनौती दी कि महिलाओं के नेतृत्व के लिए आरक्षण केवल भाजपा या एनडीए का मुद्दा नहीं है, बल्कि भारत की हर उस महिला के स्वाभिमान का सवाल है जिसे सदन में अपमानित होना पड़ा।

इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित एनडीए की महिला नेत्रियों ने प्रदेश भर से जुटी महिलाओं का उत्साह बढ़ाती रहीं।

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इस सम्मेलन में कहा कि इस दुनिया की शान और सम्मान है नारी। उन्होंने कहा कि इस विधेयक को लेकर देश की महिलाओं में उत्साह था कि अब उन्हें भी नेतृत्व करने का मौका मिलेगा। लेकिन विपक्ष के कारण नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकसभा में पास नहीं हो सका। इस विधेयक के पास नहीं होने से नारी शक्ति के सम्मान को ठेस पहुंचा। एक ओर जहां नारी शक्ति अपमानित हुई थी, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष के लोग खुशियां मना रहे थे। देश की करोड़ों महिलाओं के मान, सम्मान को ठेस पहुंची थी।

उन्होंने कहा कि अगर महिला आरक्षण बिल पास हो जाता, तो बिहार विधानसभा में महिला जनप्रतिनिधियों की संख्या 29 से बढ़कर कम से कम 125 हो जाती। लेकिन जिस तरह राजद और महागठबंधन ने उनके अधिकार को छीना, उसे महिलाएं बर्दाश्त नहीं कर सकतीं। इस अपमान का बदला लेने के लिए आज लाखों महिलाएं यहां आई हैं।

उन्होंने कहा कि यह आक्रोश धरती पर जरूर उतरेगा।

उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने इस बिल को पास नहीं करवा पाने के लिए देश की नारी शक्ति से माफी भी मांगी है।

संजय सरावगी ने घोषणा करते हुए कहा कि महिलाएं राजधानी पटना के बाद जिला और प्रखंडों में भी आक्रोश मार्च निकालेंगी। विपक्ष को सबक सिखाने के लिए देश की महिलाएं तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि नारी शक्ति का अपमान ही इंडी गठबंधन की पहचान बन चुकी है। उन्होंने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा, जो लोग महिलाओं को उनका हक देने से पीछे हटे हैं, वह इंडी गठबंधन यह समझ लें कि यह देश की हर बेटी, हर बहन के सम्मान का सवाल है। आज उनके अपने घरों की महिलाएं भी इस अन्याय से आहत हैं.

भाजपा प्रदेश अध्यक्षने कहा कि यह जनाक्रोश अब सिर्फ पटना तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश के हर जिलों से होते हुए हर घर-घर तक पहुंचेगा और नारी सम्मान के इस संघर्ष को जन-जन का आंदोलन बनाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त