home page

शराब पीए युवक की इलाज के दौरान मौत

 | 
शराब पीए युवक की इलाज के दौरान मौत


भागलपुर, 28 मार्च (हि.स.)। जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र के लालपुर भादेव गांव निवासी सुभाष कुमार राम की मौत बीते रात लगभग डेढ़ बजे इलाज के दौरान हो गई। बताया जा रहा है कि सुभाष कुमार राम करीब दो महीने बाद घर लौटे थे। घर आने के कुछ ही दूरी पर वह शराब के नशे में खेत में पड़े हुए मिले। एक बच्चे द्वारा इसकी सूचना परिजन को दी गई। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो देखा कि सुभाष बदहवास हालत में खेत में पड़े हैं और उनके शरीर से शराब की तेज गंध आ रही थी। स्थिति गंभीर देखते हुए परिजन उन्हें तुरंत इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान देर रात करीब 1:30 बजे उनकी मौत हो गई।

मृतक के साले ने बताया कि उसकी बहन की शादी वर्ष 2019 में सुभाष कुमार राम के साथ हुई थी। लेकिन शादी के 15-20 दिन बाद ही उसकी बहन ससुराल छोड़कर मायके आ गई थी। साले ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को ससुराल में सम्मान नहीं मिला। अब सुभाष की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर