छपरा में पैरा विधिक स्वयंसेवकों के चयन हेतु साक्षात्कार 8 जून को
सारण, 03 जून (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार सारण द्वारा पारा विधिक स्वयंसेवकों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। प्राधिकार के सचिव से मिली जानकारी के अनुसार प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के बाद साक्षात्कार का पूरा कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है।
योग्य अभ्यर्थियों का साक्षात्कार आठ जून से प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से जिला विधिक सेवा प्राधिकार छपरा परिसर में आयोजित किया जाएगा। साक्षात्कार से जुड़ी विस्तृत सूचना और पात्र अभ्यर्थियों की सूची कार्यालय के सूचना पट्ट पर चिपका दी गई है।
प्राधिकार ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों को सचेत किया है कि यदि उनके आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि कमी या संशोधन लंबित है तो वे चार जून तक हर हाल में कार्यालय में उपस्थित होकर उसका निराकरण करा लें। सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर अपने आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
प्राधिकार ने स्पष्ट किया है कि पूरी चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और तय मानकों के अनुरूप होगी। अद्यतन जानकारी के लिए अभ्यर्थी प्राधिकार कार्यालय के संपर्क में रहें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

