मांझी में विदेशी शराब के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
सारण, 07 जून (हि.स.)। छपरा में शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है।
मद्य निषेध इकाई पटना और मांझी थाना पुलिस ने एक संयुक्त विशेष अभियान में जय प्रभा सेतु के एप्रोच मोड़ मांझी-बलिया मोड़ के पास से शराब से लदे एक 10 चक्का कंटेनर ट्रक को जब्त किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर लगाए गए इस सघन चेकिंग अभियान के दौरान, पुलिस ने धान की भूसी के बीच छुपाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की।
ट्रक की तलाशी लेने पर कुल 9,425.16 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जिसे पंजाब से लोड कर बिहार में डिलीवरी के लिए लाया जा रहा था। इसके साथ ही मौके से 14,000 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस को देखकर भाग रहे ट्रक चालक को जवानों ने घेराबंदी कर दबोच लिया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान पुनमा राम बाड़मेर, राजस्थान निवासी के रूप में हुई है। मांझी थाना में कांड संख्या-291/26 दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।
फिलहाल, पुलिस इस अंतर्राज्यीय शराब तस्कर नेटवर्क, सप्लाई चेन और लाइनर के रूप में सक्रिय मुख्य चेहरों की कुंडली खंगालने में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

