अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर मेधावी छात्राओं को सम्मान
अररिया 12 अक्टूबर(हि.स.)।
महिला एवं बाल विकास निगम की ओर से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर परमान सभागार में सोमवार को जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में संवाद सह सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी एवं उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा बालिकाओं से सीधा संवाद किया गया। इस क्रम में बालिकाओं ने बारी बारी से कई सवाल पूछे। जिसमें बाल विवाह, सुरक्षा, शिक्षा के स्तर मे सुधार कैसे लाया जाये और यूपीएससी की परीक्षा मे सफल होने के मंत्र शामिल रहे। जिलाधिकारी ने सभी बच्चों के सवाल के जवाब देते हुए संतुष्ट भी किया।
जिलाधिकारी ने बालिकाओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि सभी बालिकाएं अपने अधिकारों को पहचानें तथा किसी भी प्रकार की अन्याय या भेदभाव के विरुद्ध आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या या असुरक्षा की स्थिति में बालिकाएं बेझिझक जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों एवं जारी हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना देकर सहयोग प्राप्त करें। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी द्वारा जिले के मैट्रिक और इंटरमीडिएट के सभी संकाय के टॉपर को प्रशस्ती पत्र तथा स्मार्ट घड़ी देकर सम्मानित किया गया। वहीं डीएसपी से बालिकाओं ने बाल विवाह, पुलिस सुरक्षा,नशा आदि पर भी संवाद किया। जिला प्रोग्राम पदाधिकारी कविता कुमारी द्वारा बालिका शिक्षा सुरक्षा, उनके अधिकार एवं संरक्षण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। जिला मिशन समन्वयक डीएचईडब्लू ने कार्यक्रम का संचालन किया। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को महिला सुरक्षा, बाल विवाह, दहेज प्रथा आदि से संबंधित शॉर्ट फिल्म भी दिखाया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

