home page

इंटरमीडिएट परीक्षा में छात्रा आरजू खातून ने हासिल किया दूसरा स्थान

 | 
इंटरमीडिएट परीक्षा में छात्रा आरजू खातून ने हासिल किया दूसरा स्थान


भागलपुर, 24 मार्च (हि.स.)। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति 12वीं (इंटरमीडिएट) परीक्षा में पीरपैंती प्रखंड के पीरपैंती बाजार स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्रा आरजू खातून ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भागलपुर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

आरजू खातून ने कला संकाय में 500 में से 460 अंक हासिल किए हैं, जो 92 प्रतिशत है। परिणाम घोषित होते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार ने उन्हें प्रखंड कार्यालय बुलाकर अंगवस्त्र एवं बुके देकर सम्मानित किया।

आरजू खातून ने अपनी सफलता का श्रेय सेल्फ स्टडी को देते हुए बताया कि वह प्रतिदिन लगभग आठ घंटे पढ़ाई करती थीं। उन्होंने अपने छोटे भाई मो. आदिल को प्रेरणा का स्रोत बताते हुए कहा कि उनके सहयोग और प्रोत्साहन से ही यह सफलता संभव हो सका। आरजू का लक्ष्य भविष्य में शिक्षक बनना है।

प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज के दौर में जहां युवा सोशल मीडिया में अधिक समय व्यतीत करते हैं, वहीं आरजू जैसी छात्रा का यह प्रदर्शन पूरे प्रखंड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी आरजू से प्रेरणा लेने की अपील की। इस मौके पर मानिकपुर मुखिया अरविंद साह, समाजसेवी अजहर शेख, जदयू प्रखंड अध्यक्ष रविशंकर सिन्हा, जानिसार असलम, शिक्षक रवि कुमार, मो. लाल, मो. सोनू सहित अन्य गणमान्य लोगों ने मिठाई खिलाकर छात्रा को सम्मानित किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर