home page

बाढ़ राहत शिविरों का आला अधिकारियों ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 | 
बाढ़ राहत शिविरों का आला अधिकारियों ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा


भागलपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। जिले के प्रभारी सचिव दीपक आनंद, जिलाधिकारी अलंकृता पांडे और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने संयुक्त रूप से सोमवार को भागलपुर के टीएनबी कॉलेजिएट मैदान में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने राहत शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से सीधे बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के क्रम में प्रभारी सचिव दीपक आनंद ने शिविर में चल रहे सामुदायिक किचन का जायजा लिया और भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था को देखा। इसके बाद अधिकारी द्वय मेडिकल कैंप पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं और उपलब्ध दवाइयों की उपलब्धता की समीक्षा की।

प्रभारी सचिव ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत शिविर में सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जाए और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। प्रभारी सचिव दीपक आनंद ने मीडिया को बताया कि जिले में संचालित सभी बाढ़ राहत शिविरों में पीड़ितों के लिए सामुदायिक किचन, पर्याप्त शौचालय और 24 घंटे मेडिकल सुविधा सुनिश्चित की गई है।

उन्होंने कहा कि इंसानों के लिए जरूरी दवाइयों के साथ-साथ मवेशियों के इलाज के लिए भी पशु चिकित्सा और दवाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आपदा की इस घड़ी में बाढ़ पीड़ितों को राहत शिविरों में किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर