डीएम ने स्पर संख्या नौ का किया औचक निरीक्षण, काम की धीमी गति पर जताई नाराज़गी
भागलपुर, 30 जून (हि.स.)।
जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने मंगलवार को इस्माईलपुर-बिंद टोली फ्लड प्रोटेक्शन बांध के अंतर्गत स्पर संख्या नौ का औचक निरीक्षण किया।
उल्लेखनीय है कि यहां जल संसाधन विभाग द्वारा कटाव निरोधी कार्य चलाया जा रहा है। मानसून के आगमन और गंगा व कोसी के बढ़ते जलस्तर के बीच इस बेहद संवेदनशील स्पर पर चल रहे कार्यों की धीमी गति को देखकर डीएम के तेवर सख्त हो गए। निर्धारित समय सीमा से एक महीना अधिक बीत जाने के बावजूद काम अधूरा रहने पर डीएम ने कार्यपालक अभियंता को फटकार लगाई और कहा कि इस बार कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम अलंकृता पांडे ने मौके पर उपस्थित बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता इंजीनियर गौतम कुमार से अब तक हुए कार्यों की भौतिक प्रगति और लंबित पड़े स्ट्रक्चरल वर्क्स की जानकारी ली। डीएम ने इंजीनियरों को पिछले वर्ष हुए भयावह कटाव की याद दिलाते हुए आगाह किया कि यदि इस बार भी काम की कमतरी के कारण बाढ़ या कटाव की स्थिति पैदा हुई, तो संबंधित अधिकारियों पर सीधी गाज गिरेगी। उन्होंने साइट पर तत्काल मैनपावर (मजदूरों) और हेवी मशीनों की संख्या बढ़ाकर काम को चौबीसों घंटे शिफ्टों में संचालित करने का आदेश दिया।
डीएम ने गोपालपुर अंचलाधिकारी को निर्देशित किया है कि वे हर दिन स्पर संख्या 9 पर काम कर रहे मजदूरों और सक्रिय मशीनों का डेटा अपडेट करेंगे। इसके साथ ही, गोपालपुर और इस्माईलपुर के बीडीओ से समन्वय स्थापित कर बाढ़ की चपेट में आने वाले संभावित पंचायतों के प्रभावित परिवारों की डिजिटल सूची (डेटाबेस) अगले दो दिनों के भीतर तैयार कर जिला आपदा प्रबंधन शाखा को सौंपेंगे, ताकि अनुग्रह राशि और राहत सामग्री वितरण में कोई देरी न हो।
कटाव निरोधी कार्यों की समीक्षा के उपरांत डीएम ने अनुमंडल के अन्य प्रशासनिक और शैक्षणिक मुद्दों पर भी अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी को रंगरा चौक प्रखंड में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज की भूमि और निर्माण से जुड़े पुराने विवाद की विस्तृत जांच करने तथा नियमानुकूल उचित निर्णय लेते हुए रिपोर्ट सौंपने को कहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

