home page

काली पूजा विसर्जन की तैयारियों को लेकर मुसहरी घाट पहुंचे मेयर व डिप्टी मेयर, कृत्रिम तालाब का लिया जायजा

 | 
काली पूजा विसर्जन की तैयारियों को लेकर मुसहरी घाट पहुंचे मेयर व डिप्टी मेयर, कृत्रिम तालाब का लिया जायजा


भागलपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। आगामी काली पूजा विसर्जन को लेकर भागलपुर नगर निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निगम प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी कड़ी में महापौर डॉ. वसुंधरा लाल और उपमहापौर सलाउद्दीन हसन ने नगर निगम के कर्मचारियों और केंद्रीय काली पूजा महासमिति की टीम के साथ गुरुवार को मुसहरी घाट स्थित विसर्जन घाट का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान मेयर ने घाट पर बनाए जा रहे अस्थाई कृत्रिम तालाब के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के बाद जानकारी देते हुए महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने बताया कि मुसहरी घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पहले से ही एक पक्का तालाब मौजूद है। चूंकि भागलपुर में बहुत बड़ी संख्या में काली प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं, इसलिए विसर्जन को सुगम बनाने के लिए एक अतिरिक्त अस्थाई कृत्रिम तालाब का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विसर्जन की तिथि से पहले यह तालाब पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा, जिससे प्रतिमा विसर्जन में कोई बाधा नहीं आएगी।

वहीं, केंद्रीय काली पूजा महासमिति के अध्यक्ष ब्रजेश साह ने बताया कि महासमिति की ओर से नगर आयुक्त से एक और पक्के कृत्रिम तालाब के निर्माण की मांग की गई थी। इस संबंध में नगर आयुक्त के परामर्श पर महापौर से वार्ता की गई। महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने महासमिति को सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा है कि इस बार के काली पूजा विसर्जन संपन्न होने के बाद मुसहरी घाट पर एक और नए पक्के कृत्रिम तालाब का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। इस स्थाई व्यवस्था से आने वाले वर्षों में प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था और भी अधिक बेहतर और व्यवस्थित हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर