मंत्री ने किया स्टेशन क्लब का उद्घाटन
भागलपुर, 16 जून (हि.स.)। भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड स्थित स्टेशन क्लब को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्निर्मित कर नया स्वरूप दिया गया है।
बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने मंगलवार को फीता खोलकर इस भव्य स्टेशन क्लब का उद्घाटन किया इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य लोग, खेल प्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। नवनिर्मित स्टेशन क्लब में इंडोर स्टेडियम से जुड़े लगभग सभी प्रमुख खेलों की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
इसके अलावा 85 से 90 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल भी बनाया गया है, जहां बैठकें, सेमिनार और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। क्लब परिसर में एक समृद्ध लाइब्रेरी, अतिथियों के ठहरने के लिए विशेष कमरे तथा निजी बैठकों के लिए वीआईपी लाउंज की भी व्यवस्था की गई है। क्लब के पीछे आकर्षक ओपन गार्डन रेस्टोरेंट का निर्माण किया गया है, जहां लोग बेहतर वातावरण में खानपान का आनंद ले सकेंगे।
प्रोजेक्ट मैनेजर विश्वजीत सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि स्टेशन क्लब अब भागलपुरवासियों के लिए खेल, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि मंत्री नीतीश मिश्रा के हाथों उद्घाटन होना हम सभी के लिए गर्व की बात है और उनके आशीर्वाद से यह परियोजना सफलतापूर्वक लोगों को समर्पित की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

