home page

चिकित्सक की लापरवाही से दुर्घटना में घायल महिला की मौत

 | 

नवादा,18 जुलाई (हि.स.)।नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के कोसला पंचायत के रामे गांव निवासी मोहन मांझी की 36 वर्षीय पत्नी मीना देवी का इलाज के दौरान शनिवार को निधन हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेजा, जिसके बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। चिकित्सकों पर लापरवाही का भी आरोप लगाया गया है।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मीना देवी अपनी ननद के बंध्याकरण ऑपरेशन के बाद भोजन लेकर सीएचसी नारदीगंज गई थीं। एक वर्षीय पुत्र गुंजन को गोद में लेकर रिश्तेदार की बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान शादीपुर हनुमान मंदिर के पास एक तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

सड़क पर गिरने से मीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, हालांकि गोद में मौजूद मासूम बच्चा सुरक्षित बच गया। ग्रामीणों और 112 पुलिस टीम की मदद से उन्हें तुरंत सीएचसी नारदीगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें बिहार शरीफ के एक निजी क्लिनिक ले गए, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतका के पति मोहन मांझी ने रोते हुए बताया पत्नी के दाह संस्कार के लिए पैसे नहीं है। कैसे होगा अंतिम और बच्चों का भरण पोषण। कर्ज के बोझ में हैं। उन्होंने कहा मृतका के बच्चों में नेहा (12), प्रीति (10), निशा (7), जुली (4), कुंदन (3) और गुंजन (1) शामिल हैं। अत्यंत गरीब इस परिवार के पास रहने के लिए पक्का मकान तक नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही कोसला पंचायत के मुखिया झमन मांझी ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने फिलहाल बाहर होने के बावजूद पीड़ित परिवार को तत्काल दाह-संस्कार के लिए 1,500 की आर्थिक मदद भिजवाई और जल्द ही गांव आकर आगे की सहायता का भरोसा दिया। कुछ ग्रामीणों ने चिकित्सकों की लापरवाही तथा आर्थिक अभाव कोई भी मौत का कारण बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन