home page

छात्राओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में तैनात हुई 'पुलिस दीदी'

 | 
छात्राओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में तैनात हुई 'पुलिस दीदी'


भागलपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)।

महिला सुरक्षा को पुख्ता करने और छात्राओं को निडर माहौल देने के लिए भागलपुर पुलिस ने एक बेहतरीन और सराहनीय कदम उठाया है।

जिले के सभी थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले स्कूलों, कोचिंग सेंटरों और कॉलेजों में 'पुलिस दीदी' की विशेष टीम के माध्यम से निरंतर निगरानी एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को एक सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।

अक्सर देखा जाता है कि छेड़खानी या असुरक्षा के डर से छात्राएं अपनी पढ़ाई और सपनों को बीच में ही छोड़ने या संकोच करने पर मजबूर हो जाती हैं। भागलपुर पुलिस की यह पहल छात्राओं के इसी डर को दूर करेगी, ताकि वे बिना किसी संकोच या असुरक्षा के अपनी शिक्षा पूरी कर सकें और अपने सपनों को साकार कर सकें।

पुलिस दीदी' की टीमें शैक्षणिक संस्थानों के आसपास लगातार गश्त कर रही हैं। संदिग्ध गतिविधियों और छात्राओं के साथ होने वाली किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ पर इस टीम की पैनी नजर है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भागलपुर पुलिस ने आम जनता और छात्राओं से अपील की है कि वे सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।

किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, असुरक्षा या संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर त्वरित सहायता के लिए डायल-112, स्थानीय पुलिस नजदीकी थाना और विशेष सुरक्षा टीम तैनात 'पुलिस दीदी' टीम से संपर्क करें। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आपकी सुरक्षा के लिए हम सदैव तत्पर हैं। पुलिस दीदी की इस पहल से न केवल छात्राओं का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि समाज में महिला सुरक्षा को लेकर एक सकारात्मक संदेश भी जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर