home page

विक्रमशिला सेतु पर यातायात बाधा से छठ बाजार में महंगाई का तड़का, डेढ़ हजार तक पहुंची केले की घौद

 | 
विक्रमशिला सेतु पर यातायात बाधा से छठ बाजार में महंगाई का तड़का, डेढ़ हजार तक पहुंची केले की घौद


भागलपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है, लेकिन विक्रमशिला सेतु पर चल रहे मरम्मत कार्य और यातायात बाधित होने का सीधा असर फलों और पूजन सामग्री की कीमतों पर पड़ा है।

गंगा पार स्थित नवगछिया और खरीक के केला उत्पादक क्षेत्रों से सीधा सड़क संपर्क बाधित होने के कारण किसानों और व्यापारियों को नावों तथा जलमार्ग के सहारे माल ढुलाई करनी पड़ रही है, जिससे परिवहन खर्च में भारी इजाफा हुआ है।

नवगछिया और खरीक का केला स्थानीय छठ बाजार की रीढ़ माना जाता है। पुल पर आवाजाही बंद होने से एक ओर जहां खेतों में तैयार फसल को मंडी तक पहुंचाने में किसानों का समय और श्रम बढ़ गया है, वहीं दूसरी ओर खुदरा बाजार में आम लोगों का बजट गड़बड़ा गया है। दो दिन पहले तक जो केला 25 से 30 रुपये दर्जन बिक रहा था, वह अब बाजार में 60 से 70 रुपये दर्जन और खुदरा में 15 रुपये प्रति पीस तक पहुंच गया है। वहीं, केले की पूरी घौद (खानी) 1,000 से 1,500 रुपये में बिक रही है। केले के साथ-साथ छठ पूजा के अन्य प्रमुख फलों और सामग्रियों के दाम भी आसमान छू रहे हैं।

बांका के अमरपुर से आने वाला गन्ना 40-50 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति पीस तक बिक रहा है, जबकि सिंघाड़ा 80 से 100 रुपये प्रति किलो के भाव पर पहुंच गया है। कश्मीर से आया सेब 100 से 120 रुपये किलो, नागपुर का संतरा 80 से 120 रुपये किलो और नासिक का अनार 200 से 220 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। केरल से मंगाए गए नारियल की कीमत 120 से 150 रुपये प्रति जोड़ा तक पहुंच गई है। वहीं, स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार बांस का सूप 180 से 200 रुपये जोड़ा और डालिया 200 से 300 रुपये प्रति पीस बिक रही है। कीमतों में इस अप्रत्याशित उछाल के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है।

वेरायटी चौक, खलीफाबाग, तिलकामांझी और स्टेशन चौक के बाजारों में सुबह से देर रात तक रौनक बनी हुई है। स्थानीय व्यापारिक संगठनों और मंडी कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक, महंगाई के बावजूद इस वर्ष छठ महापर्व के दौरान भागलपुर जिले में फल, किराना, कपड़ा और पूजन सामग्री को मिलाकर लगभग 45 करोड़ रुपये के कुल कारोबार की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर