home page

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की सख्ती, 2026 में 3216 किलो गांजा व 5240 लीटर अवैध शराब जब्त

 | 
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की सख्ती, 2026 में 3216 किलो गांजा व 5240 लीटर अवैध शराब जब्त


भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की सख्ती, 2026 में 3216 किलो गांजा व 5240 लीटर अवैध शराब जब्त


भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की सख्ती, 2026 में 3216 किलो गांजा व 5240 लीटर अवैध शराब जब्त


सुपौल, 07 अगस्त (हि.स.)। 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) बीरपुर में शुक्रवार को जब्ती एवं सीमा सुरक्षा से जुड़े विषयों पर मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया के उप महानिरीक्षक मधुकर अमिताभ ने की। इस दौरान अधिकारियों ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था, तस्करी विरोधी अभियान तथा आसूचना आधारित कार्रवाई में मिली उल्लेखनीय सफलताओं की जानकारी दी।

एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक 45वीं वाहिनी ने करीब 3216 किलोग्राम गांजा, 1900 नशीली टैबलेट, 5240 लीटर नेपाल निर्मित अवैध शराब जब्त की है।

शराब तस्करी से जुड़े मामलों में 44 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा एक देशी कट्टा, तीन हिरण के सींग, एक प्राचीन मूर्ति तथा एक बांग्लादेशी नागरिक को भी विभिन्न मामलों में गिरफ्तार किया गया है।

मानव तस्करी के विरुद्ध अभियान में वर्ष 2026 के दौरान 35 नाबालिगों का रेस्क्यू कर 8 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं वर्ष 2024 से अब तक कुल 110 लोगों का रेस्क्यू और 85 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं।

मीडिया संवाद में 20 जुलाई और 4 अगस्त 2026 को हुई दो महत्वपूर्ण कार्रवाइयों की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि 20 जुलाई को एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नेपाल निर्मित 152.7 लीटर अवैध शराब, एक स्कॉर्पियो वाहन, मोबाइल फोन और क्षतिग्रस्त वायरलेस सेट बरामद किया गया था। इसके बाद 4 अगस्त को सीमा स्तंभ संख्या-228 के समीप एक स्कॉर्पियो वाहन से 100 चीनी निर्मित वायरलेस कम्युनिकेशन डिवाइस (वॉकी-टॉकी) बरामद किए गए।

जांच में पता चला कि सभी उपकरण पूर्व-प्रोग्राम्ड थे और आपस में संचार करने में सक्षम थे। मामले की जांच एसएसबी, बिहार पुलिस, एसआईबी, एनआईए तथा नेपाल एपीएफ संयुक्त रूप से कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि ये उपकरण नेपाल के राजबिराज निवासी एक व्यक्ति तक पहुंचाए जाने थे।

एसएसबी ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर निगरानी के लिए बॉर्डर एंट्री मैनेजमेंट सिस्टम, ड्रोन सर्विलांस, नदी क्षेत्रों में बोट पेट्रोलिंग तथा बिहार पुलिस के साथ संयुक्त रात्रि गश्त का नियमित संचालन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य तस्करी, घुसपैठ और अन्य सीमा पार अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है।

सुरक्षा के साथ-साथ 45वीं वाहिनी सीमावर्ती क्षेत्रों में मेडिकल एवं वेटरिनरी सिविक एक्शन कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, खेलकूद, वृक्षारोपण और जनजागरूकता कार्यक्रम भी चला रही है।

अधिकारियों ने बताया कि 11 अगस्त को 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत सीमावर्ती गांवों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें ग्रामीणों और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया जाएगा।

कार्यक्रम में कमांडेंट गौरव सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा, उप कमांडेंट प्रवीण कुमार कौशिक, उप कमांडेंट सुमन सौरभ सहित 45वीं वाहिनी के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र