भारतीय प्रतिनिधियों ने नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के साथ सुरक्षा के कई मसलों पर बातचीत की
अररिया 19 जुलाई(हि.स.)।
श्री हरि सत्संग समिति नेपाल के राष्ट्रीय अध्यक्ष भीखम चंद शरल की अगुवाई में एक प्रतिनिधि मंडल रविवार को सीमा पार पुलिस कार्यालय के डीएसपी लोकेंद्र सिंह गुरु से मुलाकात कर नेपाल भारत सीमावर्ती क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के साथ सुरक्षा के कई मसलों पर बातचीत की।
ग्रामीण संभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष विद्यानंद मांझी ने डीएसपी को जानकारी देते हुए बताया कि किस तरह संस्था नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र सहित ग्रामीण भाग में ईसाई मिशनरी के द्वारा चलाए जा रहे धर्म परिवर्तन के कार्य को रोकने में संगठन की भूमिका रही। संस्था के सलाहाकार राजेश कुमार शर्मा ने नेपाल से भारत जाने वाले आंख के अस्पताल के वाहन और चालक के कागजात की जांच व्यवस्थित तरीके से किए जाने की मांग की। जिसमें बताया गया कि दूसरे स्थानों से इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों से अभिलेख लेकर वाहन चालक अपने पास रख लेते हैं।
पुलिस मुख्यालय डीएसपी लोकेंद्र सिंह गुरु ने आश्वस्त किया कि इन सभी मुद्दों ओर सकारात्मक रूप से कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि मरीज के रूप में भारत से नेपाल घुसपैठ करने की मंशा रखने वालों पर सख्त नजर रखी जा रही है।नेपाली मारुती वैन चालक संबंधित शिकायत को गंभीर बताते हुए ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय कर जांच करने का आश्वासन दिया।
मौके पर संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष भीखम चंद सरल,ग्रामीण राष्ट्रीय अध्यक्ष विद्यानंद मांझी, कोशी प्रदेश अध्यक्ष महेश साह, सलाहकार राजेश कुमार शर्मा, योजना प्रमुख अरविन्द साह, ओम प्रकाश अग्रवाल, संजय यादव, संतोष रोनियार, संतोष साह सोनार सहित अन्य उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

