बक्सर के फाउंडेशन स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
बक्सर 15 अगस्त (हि.स.)।
फाउंडेशन स्कूल, बक्सर में शनिवार को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों की भारी मौजूदगी रही। मुख्य अतिथि जीडी मिश्रा कॉलेज) के प्राचार्य डॉ. जे.आर. चौधरी ने ध्वजारोहण कर समारोह का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नाट्य प्रस्तुतियों, गीतों और नृत्य के माध्यम से नारी सशक्तिकरण, नारी शिक्षा, भारतीय सेना के शौर्य, रानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस, डांडी मार्च, जलियांवाला बाग हत्याकांड, ऊधम सिंह की जीवनी, वृद्धाश्रम और शिक्षा जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। देशभक्ति गीतों और मनमोहक नृत्यों ने पूरे परिसर को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और प्रस्तुतियों की सराहना की। विद्यालय के प्राचार्य मनोज त्रिगुण ने बताया कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस को स्वतंत्रता सप्ताह के रूप में मनाया गया। 12 अगस्त को नर्सरी से कक्षा एक, 13 अगस्त को कक्षा दो एवं तीन तथा 14 अगस्त को कक्षा चार एवं पांच के विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियां दीं। वहीं 15 अगस्त को कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिस निष्ठा से हम अपने अधिकारों के प्रति सजग रहते हैं, उसी तरह कर्तव्यों का पालन भी करना चाहिए।
उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों और सपोर्ट स्टाफ के सामूहिक प्रयास की सराहना की। कहा कि सभी के सहयोग और अथक परिश्रम से इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस समारोह यादगार बन सका। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने समारोह को राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध और सामाजिक चेतना का जीवंत संदेश बना दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

