home page

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी जोरों पर, जिलाधिकारी की मौजूदगी में फुल ड्रेस रिहर्सल

 | 
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी जोरों पर, जिलाधिकारी की मौजूदगी में फुल ड्रेस रिहर्सल


कटिहार, 13 अगस्त (हि.स.)। 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को महेश्वरी अकादमी के मैदान में 'फुल ड्रेस रिहर्सल' का आयोजन किया गया। इस मुख्य समारोह स्थल पर जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की मौजूदगी में परेड, ध्वजारोहण और मंच व्यवस्था का पूर्वाभ्यास किया गया।

समारोह स्थल का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय के भीतर सभी तैयारियां पूरी कर लें। उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए दर्शकों और प्रतिभागियों के लिए पर्याप्त शेड (छाया) की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही, जिलाधिकारी ने परेड ग्राउंड को समतल करने और वहां मौजूद अनावश्यक सामग्री को तत्काल हटाने के भी सख्त निर्देश दिए।

जिला प्रशासन स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय गौरव और सम्मान के साथ संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तत्पर है। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान बड़ी संख्या में प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी, सुरक्षाकर्मी, परेड दल के सदस्य तथा अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह