home page

(अपडेट)अगले 5 वर्षों में बिहार में एयर कनेक्टिविटी को 10 गुना बढ़ाने का लक्ष्य है : मुख्यमंत्री

 | 
(अपडेट)अगले 5 वर्षों में बिहार में एयर कनेक्टिविटी को 10 गुना बढ़ाने का लक्ष्य है : मुख्यमंत्री


पटना, 14 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज दरभंगा हवाई अड्डा की सुरक्षा को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के हस्तांतरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर दरभंगा हवाई अड्डा परिसर में आयोजित कार्यक्रम का मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005-06 में बिहार से प्रति वर्ष हवाई यात्रा करनेवालों की संख्या मात्र 2.5 लाख के करीब थी, जो अब बढ़कर 50 लाख से अधिक हो गई है। अगले 5 वर्षों में बिहार में एयर कनेक्टिविटी को 10 गुना बढ़ाना हमारा लक्ष्य है। हम ऐसी व्यवस्था बना रहे हैं कि अगले पांच वर्षों में बिहार से 4 से 5 करोड़ लोग हवाई यात्रा कर सकें।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक और काफी महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अपील को ध्यान में रखते हुए यहां छोटे स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। सम्राट चौधरी ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री ने देशवासियों से हरसंभव सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि ज्यादातर कार्यक्रमों का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ही करें। यदि कोई महत्वपूर्ण कार्यक्रम है तो उसकी रूपरेखा छोटे स्तर पर रखें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान को ध्यान में रखते हुए हमने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक महकमा को निर्देश दिया है कि आवश्यक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कम से कम वाहनों का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि इससे ईंधन की बचत होगी और देश के अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मिथिला की यह धरती भारत की संस्कृति को समृद्ध बनाती है। इसी धरती पर माता जानकी का जन्म हुआ। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम यहां पधारे। यह धरती त्याग का प्रतीक है। मिथिला की परंपरा और यहां के उत्पाद का प्रसार दुनिया भर में काफी तेजी से हो रहा है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि दुनिया जिस मखाना को सुपर फूड के नाम से जानती है उसकी उत्पत्ति यहीं से हुई है। प्रधानमंत्री जी अक्सर अपने भाषणों में इसका जिक्र करते रहते हैं। पटना से मिथिलांचल स्थित जयनगर और निर्मली पहुंचने में पहले 10 घंटे का समय लग जाता था। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा मिथिलांचल में कराए गए विकास कार्यों के कारण ही यहां का पूरा परिदृश्य बदल गया है। इस इलाके में बड़ी संख्या में पुल-पुलियों एवं पथों का निर्माण कराया गया है। इस इलाके में रोड कनेक्टिविटी के अलावा रेल कनेक्टिविटी का काफी विस्तार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलों में एयर ट्रैफिक का विस्तार करना है वह चाहे एयरपोर्ट के रूप में हो, एयर स्ट्रीप के रुप में हो या हेलीपोर्ट के रुप हो। मुजफ्फरपुर, रक्सौल, सहरसा और वीरपुर में एयरपोर्ट स्थापित करने के लिए टेंडर हो गया है। पूर्णिया एयरपोर्ट चालू हो चुका है। मुंगेर, अजगैबीनाथ, भागलपुर तथा बेगूसराय के एयरपोर्ट को भी हर हाल में चालू कराना है। अगले सप्ताह सिविल विमानन विभाग एवं भारत सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक होनी है। दरभंगा एयरपोर्ट का नामकरण बाबा विद्यापति जी के नाम पर हो इसके लिए हम प्रधानमंत्री से आग्रह करेंगे। इस एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने का भी काम कराना है। किशनगंज जिले के पोठिया अंचल में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना के लिए बिहार सरकार ने 110 एकड़ भूमि दिया है। यदि और जमीन की आवश्यकता होगी तो उसे उपलब्ध कराया जायेगा।

कार्यक्रम को जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा, सांसद गोपाल जी ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी एवं केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के महानिदेशक प्रवीर रंजन ने भी संबोधित किया। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी