बेलवा पंचायत में जीविका सुधा बिक्री केंद्र का शुभारंभ
किशनगंज, 31 अगस्त (हि.स.)। जिले की ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में सोमवार को बेलवा पंचायत में जीविका सुधा बिक्री केंद्र का शुभारंभ किया गया।
जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। अधिकारियों ने केंद्र की संचालिका जीविका दीदी रेशमा कुमारी को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डीएम नवीन कुमार ने कहा कि जीविका सुधा बिक्री केंद्र ग्रामीण महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण कदम है। चरणबद्ध तरीके से जिले की सभी 125 पंचायतों में जीविका सुधा बिक्री केंद्र खोलने की योजना है। इससे महिलाओं को अपने घर के आसपास ही रोजगार का अवसर मिलेगा और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
जीविका और कॉम्फेड (सुधा) के संयुक्त तत्वावधान में इन केंद्रों का संचालन चयनित लाभार्थियों के साथ सार्वजनिक-निजी भागीदारी के आधार पर किया जा रहा है। पंचायतों में ऑनलाइन आवेदन और लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया गया है।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की लाभार्थी जीविका दीदियों को केंद्र का लाभ दिया जा रहा है। जीविका डीपीएम अनुराधा चंद्रा ने बताया कि केंद्रों का संचालन जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियां ही करेंगी। चयनित लाभार्थियों को केंद्र की स्थापना के लिए 60 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जा रही है, जबकि लाभार्थी को 15 हजार रुपये की अपनी पूंजी लगानी होगी।
वित्तीय सहायता से डीप फ्रीजर, विजी कूलर, प्रचार सामग्री और परिवहन आदि का खर्च वहन किया जा रहा है। लाभार्थी की पूंजी से डेयरी उत्पाद खरीदे जाएंगे।
केंद्र की संचालिका रेशमा कुमारी ने बताया कि पहले वह बेरोजगार थीं, लेकिन जीविका सुधा बिक्री केंद्र मिलने से उन्हें घर के पास ही रोजगार का साधन मिल गया है।
केंद्र के माध्यम से ग्रामीण उपभोक्ताओं को सुधा के दूध, दही, लस्सी, मिठाई सहित अन्य गुणवत्तापूर्ण उत्पाद पंचायत स्तर पर आसानी से उपलब्ध होंगे।
मौके पर जीविका के प्रबंधक ऋषभ प्रसाद, प्रेम रंजन, चांदनी कुमारी, एलएचएस उदय राज पटेल, सामुदायिक समन्वयक सोनी कुमारी सहित जीविका दीदियां और कॉम्फेड पूर्णिया के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

