home page

सारण में छठ महापर्व को लेकर जिलाधिकारी और एसएसपी ने किया विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण

 | 
सारण में छठ महापर्व को लेकर जिलाधिकारी और एसएसपी ने किया विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण


सारण में छठ महापर्व को लेकर जिलाधिकारी और एसएसपी ने किया विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण


सारण, 14 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर सारण जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी सिलसिले में आज जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव तथा वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार द्वारा जिले के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का संयुक्त रूप से भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया गया।

इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा सुगम आवागमन को पूरी तरह सुनिश्चित करना था। अधिकारियों ने अपने इस निरीक्षण अभियान की शुरुआत दिघवारा प्रखंड अंतर्गत आमी तथा शीतलपुर के छठ घाटों से की। इसके उपरांत उन्होंने दरियापुर प्रखंड के अंतर्गत आने वाले पट्टी पुल क्षेत्र का जायजा लिया।

तत्पश्चात सोनपुर अनुमंडल के अंतर्गत सबलपुर, काली घाट एवं पहलेजा घाट सहित विभिन्न महत्वपूर्ण छठ घाटों का भ्रमण कर वहां चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान घाटों की साफ सफाई, चेंजिंग रूम की उपलब्धता, सुरक्षा के दृष्टिकोण से बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और संपर्क मार्गों की स्थिति का विशेष रूप से निरीक्षण किया गया। संयुक्त निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को कई निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी छठ घाटों और उनके आसपास के संपर्क मार्गों पर व्यापक साफ सफाई सुनिश्चित की जाए। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम बनाए जाएं। नदी एवं जलाशयों में गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर मजबूत बैरिकेडिंग की जाए ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

इसके अलावा संध्या व प्रातःकालीन अर्घ्य के समय सभी घाटों तथा संपर्क मार्गों पर समुचित प्रकाश की उचित व्यवस्था रखने को कहा गया है। विधि व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं। महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार