अपराध नियंत्रण पर सख्त हुए प्रभारी एसपी, अवैध लॉटरी-नशा कारोबार पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश
किशनगंज, 13 जुलाई (हि.स.)। जून माह की अपराध समीक्षा को लेकर सोमवार को पुलिस सभागार में आयोजित अपराध गोष्ठी में प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, थानाध्यक्षों एवं शाखा प्रभारियों को अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
गोष्ठी में प्रभारी एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को अवैध लॉटरी, अवैध मादक पदार्थ और अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक थानाध्यक्ष को प्रतिदिन स्वयं थाना क्षेत्र में गश्त करने, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, लंबित वारंट, इश्तेहार और कुर्की के मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन तथा बिहार सरकार और पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित विभिन्न पोर्टल एवं मोबाइल एप का शत-प्रतिशत उपयोग करने पर विशेष जोर दिया गया। ई-सम्मन पोर्टल, दर्पण पोर्टल, सीसीटीएनएस, ई-साक्ष्य एप पर लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक थाना में एक सीसीटीएनएस प्रभारी नियुक्त करने तथा पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को तकनीकी एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण देने पर भी बल दिया गया।
गोष्ठी के दौरान नेपाल सीमा पर अपराध नियंत्रण को लेकर एसएसबी और किशनगंज पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा हुई। वहीं मानव तस्करी एवं देह व्यापार की रोकथाम के लिए मानव व्यापार निरोधक इकाई (एएचटीयू) को आसूचना संकलन कर प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
प्रभारी एसपी ने 300 दिनों से अधिक पुराने लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, न्यायालय से संबंधित मामलों में समय पर कांड दैनिकी उपलब्ध कराने तथा मुख्यमंत्री ई-डैशबोर्ड एवं सीपीग्राम पर लंबित आवेदनों का निपटारा करने के निर्देश भी दिए।
आगामी श्रावणी मेला और अन्य पर्व-त्योहारों को देखते हुए सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और थानाध्यक्षों को विधि-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने, संगठित अपराध, भूमि विवाद और सांप्रदायिक मामलों में सतर्क रहकर निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को अनुशासन, जवाबदेही और समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

