प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बायसी में फायर सेफ्टी जागरूकता
पूर्णियां, 14 अप्रैल (हि.स.)।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बायसी में मंगलवार को अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आशा कार्यकर्ता, एएनएम एवं स्टाफ नर्स को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों और अग्निशामक यंत्र के सही उपयोग की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में पुलिस एवं अग्निशमन दल के कर्मियों ने अग्नि सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं तथा विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों और उनके उपयोग के तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान ‘पास तकनीक’ (खींचें, निशाना लगाएं, दबाएं और फैलाएं) के माध्यम से अग्निशामक यंत्र के उपयोग की विधि बताई गई। साथ ही सभी कर्मियों को इसका प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे वे आपात स्थिति में सही ढंग से इसका इस्तेमाल कर सकें। गैस सिलेंडर से आग लगने की स्थिति में बचाव के उपाय भी बताए गए, जैसे गैस रिसाव होने पर तुरंत रेगुलेटर बंद करना, किसी भी प्रकार के स्विच या माचिस का उपयोग न करना तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखना।
आग से बचाव के तहत कर्मियों को यह भी बताया गया कि बिजली के उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करें, गैस चूल्हा बंद करना न भूलें, ज्वलनशील पदार्थों को आग से दूर रखें, आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन दल को सूचना दें और अग्निशामक यंत्र के स्थान व उपयोग की जानकारी पहले से रखें। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य केंद्र के कर्मियों को आपात स्थिति के प्रति सतर्क और सक्षम बनाना था, ताकि किसी भी आगजनी की घटना में त्वरित और सुरक्षित कार्रवाई की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

