सड़क पर पिस्टल छीनाझपटी कर रहे दो युवक चढ़े पुलिस के हत्थे
सीवान, 26 मई (हि.स.)। सीवान जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक देशी पिस्टल, एक कारतूस और एक मैगजीन बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह करीब 10 बजे हुसैनगंज थाना पुलिस को सूचना मिली कि खुदाईवाड़ी मोड़ स्थित तिवारी मेडिकल स्टोर के सामने दो युवक पिस्टल को लेकर आपस में छीनाझपटी कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस वाहन को देखते ही दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी पिस्टल, एक कारतूस और एक मैगजीन बरामद किया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार युवकों की पहचान अनिश कुमार यादव, पिता स्व. मनोज यादव, निवासी रगड़ टोला पूर्वी हरिहास थाना हुसैनगंज तथा आशीष पाण्डेय, पिता संतोष पाण्डेय, निवासी हसनपुरा थाना हुसैनगंज के रूप में हुई।
इस मामले में हुसैनगंज थाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) ए/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

