आईजी विवेकानंद ने कुरसेला थाने का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही बरतने वालों को दी सख्त चेतावनी
कटिहार, 25 मई (हि.स.)। पूर्णिया रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विवेकानंद ने सोमवार को कटिहार जिले के कुरसेला थाना का औचक निरीक्षण किया। थाना परिसर पहुंचने पर पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने थाने के महत्वपूर्ण रजिस्टरों, मालखाना, हाजत और परिसर की साफ-सफाई का गहन जायजा लिया। आईजी ने थाना में दर्ज पुराने कांडों, लंबित मामलों, अनुसंधान की प्रगति तथा आमजन से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान केस फाइलों का बारीकी से अवलोकन करते हुए आईजी ने अनुसंधान कार्य में तेजी लाने तथा लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया। इस मौके पर कटिहार पुलिस अधीक्षक (एसपी) शिखर चौधरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुनील कुमार शर्मा, कोढ़ा सर्किल इंस्पेक्टर साजिद आलम तथा कुरसेला थानाध्यक्ष राकेश कुमार समेत कई अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के बाद आईजी विवेकानंद ने कहा कि अपराध अभिलेखों के साथ-साथ आम जनता से जुड़े कार्यों की भी गंभीरता से जांच की गई है। उन्होंने कड़े लहजे में निर्देश दिया कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी और व्यक्ति की जानकारी स्टेशन डायरी में अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए। इसके अलावा, जिन पदाधिकारियों को मामलों की जांच सौंपी जाती है, उनके कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए ताकि अनुसंधान समय पर पूरा हो सके।
आईजी ने अपराध अभिलेखों को अद्यतन (अपडेट) रखने पर विशेष बल देते हुए कहा कि व्यवस्था में सुधार की काफी आवश्यकता है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने के सभी सब-इंस्पेक्टर (एसआई) और जूनियर सब-इंस्पेक्टर (जीएसआई) से व्यक्तिगत रूप से पूछताछ कर उनकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कर्तव्य के प्रति किसी भी स्तर पर लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता की सेवा के लिए पुलिसिंग में पारदर्शिता और जवाबदेही हर हाल में सुनिश्चित करनी होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

