home page

शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता: आईजी

 | 
शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता: आईजी


भागलपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। भागलपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विवेक कुमार ने मंगलवार को सुल्तानगंज थाना का वार्षिक एवं औचक निरीक्षण किया। थाना परिसर पहुंचने पर पुलिस बल द्वारा आईजी को 'गार्ड ऑफ ऑनर' देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद आईजी ने थाना भवन, परिसर और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।

इस दौरान उनके साथ वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। आईजी विवेक कुमार ने थाना भवन के जर्जर हिस्सों की स्थिति और पुलिसकर्मियों के कामकाज से जुड़ी व्यवस्थाओं के संबंध में स्थानीय अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को थाना की कार्यप्रणाली को पूरी तरह व्यवस्थित रखने और अभिलेखों के रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने आगंतुक पंजी, गुंडा पंजी, मालखाना, तथा वारंट और कुर्की से संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की। क्राइम मीटिंग और समीक्षा के दौरान आईजी ने थाने में लंबित पड़े मामलों (कांडों) की स्थिति, अब तक हुई कार्रवाई और अनुसंधान (इन्वेस्टिगेशन) की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने फरार आरोपितों की गिरफ्तारी तेज करने और वारंट व कुर्की के मामलों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया। निरीक्षण के उपरांत आईजी विवेक कुमार और एसएसपी प्रमोद कुमार ने संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित किया।

आईजी ने कहा कि आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान सुल्तानगंज और आसपास के क्षेत्रों में शांति व सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी और निगरानी बढ़ाई जाएगी। भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने पूर्व में संपन्न हुए श्रावणी मेला की तर्ज पर ही आगामी त्योहारों को भी शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के दौरान डीएसपी नवनीत कुमार, सुल्तानगंज थाना अध्यक्ष धनंजय कुमार, शाहकुंड अंचल के इंस्पेक्टर अशोक कुमार यादव, एसआई विष्णुदेव कुमार, अनुज कुमार, अक्षय कुमार और दयानंद मंडल समेत कई पुलिस पदाधिकारी और जवान उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर