home page

जिले में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ ईद-उल-फितर

 | 
जिले में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ ईद-उल-फितर


गोपालगंज,, 21 मार्च (हि.स.)। जिले भर में ईद-उल-फितर का त्योहार इस बार पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। त्योहार को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के नेतृत्व में जिले के सभी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी, वहीं वरिष्ठ अधिकारी लगातार विभिन्न क्षेत्रों में पेट्रोलिंग करते रहे। पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने स्वयं पूरे दिन जिले की स्थिति पर नजर बनाए रखी और लगातार मॉनिटरिंग करते हुए यह सुनिश्चित किया कि कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। प्रशासन की सक्रियता और जनता के सहयोग के चलते जिले के सभी ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज शांतिपूर्वक अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी और भाईचारे का संदेश दिया। पूरे जिले में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।इस अवसर पर गोपालगंज पुलिस की ओर से पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) सुबोध कुमार ने जिलेवासियों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि मैं जिले के सभी सम्मानित नागरिकों को हृदय से धन्यवाद देना चाहता हु कि आप सभी के सहयोग, आपसी भाईचारे और समझदारी के कारण ईद का पावन पर्व पूरे जिले में पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। उन्होंने आगे कहा कि यह सिर्फ प्रशासन या पुलिस की सफलता नहीं, बल्कि जिले की जागरूक और जिम्मेदार जनता की परिपक्वता का परिणाम है। लोगों ने जिस तरह कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया, वह सराहनीय है। सुबोध कुमार ने विशेष रूप से धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि इन सभी ने समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अंत में उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिलापुलिस भविष्य में भी जिलेवासियों की सुरक्षा, शांति और विश्वास बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही सभी को ईद की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

----

हिन्दुस्थान समाचार / Akhilanand Mishra