home page

सदर अस्पताल में शुरू हुई अत्याधुनिक आईसीयू सेवा

 | 
सदर अस्पताल में शुरू हुई अत्याधुनिक आईसीयू सेवा


अररिया 22 जुलाई(हि.स.)। सदर अस्पताल में बुधवार को अत्याधुनिक आईसीयू सेवा का शुभारंभ किया गया।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसका ऑनलाइन माध्यम से उद्घाटन किया। जबकि सदर अस्पताल परिसर में जिला परिषद अध्यक्ष आफताब आजीम उर्फ पप्पू ने फीता काटकर औपचारिक शुरुआत की।नई सुविधा के शुरू होने से अब जिले के गंभीर मरीजों को इलाज के लिए पूर्णिया या पटना जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

सिविल सर्जन डॉ के.के. कश्यप के अनुसार, जरूरतमंद मरीजों को आईसीयू और वेंटिलेटर की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। आईसीयू यूनिट में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण,आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम और वेंटिलेटर लगाए गए हैं।मरीजों की बेहतर देखभाल के लिए अनुभवी चिकित्सकों, प्रशिक्षित नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम भी तैनात की गई है।

सदर अस्पताल के डीएस डॉ. राजेंद्र ने कहा कि अब तक गंभीर मरीजों को आईसीयू और वेंटिलेटर सुविधा के लिए पूर्णिया या पटना रेफर करना पड़ता था, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब जिले में ही यह सुविधा उपलब्ध होने से गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिलेगा और उनकी जान बचाने की संभावना भी बढ़ेगी।

डॉ. राजेंद्र ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जिला स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है और आईसीयू की शुरुआत उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह नई व्यवस्था न केवल मरीजों को राहत देगी, बल्कि अररिया जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को भी और अधिक मजबूत बनाएगी।

उद्घाटन समारोह में अस्पताल प्रबंधक विकास कुमार, डीपीएम संतोष कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार सहित कई चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और अस्पताल के अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर