home page

पति पर प्रताड़ना का आरोप, महिला ने सदर थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी

 | 
पति पर प्रताड़ना का आरोप, महिला ने सदर थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी


किशनगंज, 01 जून (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के धर्मगंज में एक विवाहिता ने अपने पति पर प्रताड़ना और घर से निकाल देने का आरोप लगाते हुए सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार धर्मगंज निवासी नेहा कुमारी ने सोमवार को अपने पति सनी पासवान के विरुद्ध सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

दर्ज प्राथमिकी में महिला ने आरोप लगाया है कि उसकी शादी वर्ष 2023 में धर्मगंज निवासी सनी पासवान के साथ हुई थी। विवाह के शुरुआती दिनों में दांपत्य जीवन सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन कुछ समय बाद उसे विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ा।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बीते 29 मई को उसे ससुराल से निकाल दिया गया। इसके बाद वह किसी तरह अपने मायके पहुंची और वहीं रहने लगी। महिला का कहना है कि उसके मायके और ससुराल दोनों धर्मगंज में ही स्थित हैं। आरोप है कि मायके पहुंचने के बाद उसका पति वहां आया और उनके पुत्र को अपने साथ लेकर घर चला गया। बच्चे को साथ ले जाने की सूचना मिलने पर महिला ने तत्काल डायल-112 पुलिस सेवा को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले में हस्तक्षेप किया। पुलिस की पहल पर बच्चे को वापस महिला के सुपुर्द कर दिया गया। इसके बाद से महिला अपने मायके में रह रही है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में पति द्वारा मानसिक एवं पारिवारिक प्रताड़ना दिए जाने का भी आरोप लगाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में इस मामले की चर्चा बनी हुई है। वहीं पीड़ित महिला ने पुलिस प्रशासन से न्याय दिलाने और उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह