home page

श्राद्ध भोज खाने से एक सौ से अधिक लोग बीमार, दाल में मरी छिपकली मिलने से मचा हड़कंप

 | 
श्राद्ध भोज खाने से एक सौ से अधिक लोग बीमार, दाल में मरी छिपकली मिलने से मचा हड़कंप


सुपौल, 22 जून (हि.स.)। जिले के जदिया थाना क्षेत्र के मानगंज पश्चिम पंचायत के दतुआ वार्ड-10 में रविवार देर रात आयोजित एक श्राद्ध भोज के दौरान दाल में मरी हुई छिपकली मिलने के बाद 100 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी प्रभावित लोगों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

राहत की बात यह है कि सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, दतुआ वार्ड-10 निवासी छोटकेलाल यादव की पत्नी के श्राद्ध कर्म के अवसर पर सामूहिक भोज का आयोजन किया गया था, जिसमें लगभग 500 लोग शामिल हुए थे। भोज के दौरान कुछ लोगों ने दाल में मरी हुई छिपकली देखी, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके कुछ ही देर बाद कई लोगों, विशेषकर बच्चों, को पेट दर्द, उल्टी, सिरदर्द और बेचैनी की शिकायत होने लगी। वहीं कुछ वयस्कों ने चक्कर आने और घबराहट महसूस होने की बात कही।

ग्रामीणों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए सभी बीमार लोगों को अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं त्रिवेणीगंज के बीडीओ अभिनव भारती ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ. इन्द्रदेव यादव ने बताया कि दाल में मरी हुई छिपकली मिलने की सूचना के बाद लोगों में भय और आशंका का माहौल बन गया था, जिसके कारण बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि 150 से अधिक मरीजों का इलाज किया जा रहा है, जिनमें बच्चों की संख्या अधिक है।

सभी मरीजों की हालत सामान्य और स्थिर है। बीडीओ अभिनव भारती ने बताया कि भोजन दूषित होने की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। प्रभावित लोगों, विशेषकर बच्चों, को तत्काल अस्पताल में भर्ती कर उपचार उपलब्ध कराया गया। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और सभी मरीजों को आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र