home page

मानव व्यापार के खिलाफ बिहार पुलिस और 'भूमिका विहार' का संयुक्त जागरूकता अभियान 18 जुलाई से

 | 

कटिहार, 17 जुलाई (हि.स.)। मानव व्यापार (ह्यूमन ट्रैफिकिंग) पर पूर्ण रोक लगाने और इसे लेकर समाज में जागरूकता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से बिहार पुलिस और स्वयंसेवी संस्था 'भूमिका विहार' एक वृहद संयुक्त अभियान शुरू करने जा रहे हैं। इस जन-जागरूकता अभियान का विधिवत शुभारंभ 18 जुलाई को दोपहर 1:00 बजे कटिहार सदर थाना क्षेत्र के शहीद चौक से किया जाएगा।

यह अभियान केवल कटिहार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सीमांचल सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी चलाया जाएगा। इसके तहत कटिहार के अलावा किशनगंज, पूर्णिया, सुपौल, अररिया और पटना के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य मानव व्यापार, फर्जी विवाह और बाल विवाह जैसी गंभीर सामाजिक कुप्रथाओं के खिलाफ आम लोगों को जागरूक कर एक सुरक्षित समाज का निर्माण करना है।

अभियान के दौरान बिहार पुलिस के नया सवेरा अभियान 3.0 के विशेष जागरूकता गीत का व्यापक स्तर पर प्रसार किया जाएगा ताकि जन-जन तक पुलिस का संदेश पहुँच सके। इसके अलावा, आगामी 30 जुलाई 2026 को 'विश्व मानव व्यापार विरोधी दिवस' के अवसर पर 'भूमिका विहार' द्वारा मोरल पुलिसिंग विषय पर निर्मित एक विशेष लघु फिल्म का विमोचन भी किया जाएगा। इस अभियान में कला और संस्कृति के माध्यम से लोगों तक सीधा संदेश पहुँचाने की रणनीति अपनाई गई है।

जन-जागरूकता गीत: तोहरे दुआरे न्याय मांगे पुलिस भइया की प्रस्तुतियों के जरिए बिमल, नंदिनी, सन्नी, जीवछ, संजय, सुबोध, कांती और विद्यानंद पोद्दार जैसे स्थानीय कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर लोगों को जागरूक करेंगे।

आयोजकों की ओर से आम जनता से यह अपील की गई है कि बिहार पुलिस और समाज की मजबूत साझेदारी से ही 'मानव व्यापार मुक्त बिहार' का संकल्प पूरा हो सकता है। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे सतर्क रहें, जागरूक बनें और अपने आस-पास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर इसकी सूचना तत्काल बिहार पुलिस को दें।

किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए 'भूमिका विहार' के संपर्क सूत्र 8789167568 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह