राघोपुर रेफरल अस्पताल में गंदगी पर भड़के बीडीओ, जताई नाराजगी
सुपौल, 15 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी सावन कुमार के निर्देश पर मंगलवार रात करीब 8 बजे राघोपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सत्येन्द्र कुमार यादव ने रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं में कई कमियां सामने आईं, जिस पर बीडीओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मियों को फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने इमरजेंसी वार्ड, डॉक्टर चैंबर, डिलीवरी रूम, परिवार नियोजन वार्ड, पुरुष वार्ड तथा शौचालयों का बारीकी से जायजा लिया। इमरजेंसी वार्ड में डस्टबिन की स्थिति तथा डिलीवरी वार्ड में गंदगी और मरीजों के बेड पर बेडशीट नहीं मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। डिलीवरी रूम के बाहर फैली गंदगी देखकर बीडीओ ने मरीजों और अस्पताल कर्मियों से सफाई व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।
मौके पर बुलाए गए आउटसोर्सिंग एजेंसी के सुपरवाइजर ने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन तीन बार सफाई कराई जाती है। हालांकि भर्ती मरीजों के परिजनों ने बताया कि शाम चार बजे से भर्ती रहने के बावजूद एक बार भी सफाई कर्मी नहीं पहुंचे हैं। परिवार नियोजन वार्ड में भी मरीजों के बेड पर बेडशीट नहीं मिलने तथा वार्ड में गंदगी पाए जाने पर बीडीओ ने आउटसोर्सिंग एजेंसी के सुपरवाइजर को फटकार लगाई।
मरीजों के परिजनों ने बताया कि वे सुबह 10 बजे से वार्ड में भर्ती हैं, लेकिन सफाई के लिए कोई कर्मी नहीं आया।इसके बाद बीडीओ ने पुरुष वार्ड का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों से अस्पताल की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। यहां भी साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई।निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड में डॉ. वीपीन तिवारी, विजय सहनी, जगन्नाथ शर्मा एवं रामप्रवेश ड्यूटी पर मौजूद मिले। वहीं डिलीवरी रूम में कुमारी बच्ची एवं माधुरी कुमारी अपनी ड्यूटी का निर्वहन करती पाई गईं। मौके पर बीसीएम सह सीएचएम शादाब अली तथा अजय कुमार भी उपस्थित थे।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में बीडीओ सत्येन्द्र कुमार यादव ने कहा कि अस्पताल में सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी अपनी ड्यूटी पर उपस्थित मिले। हालांकि साफ-सफाई व्यवस्था में गंभीर कमी पाई गई है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण प्रतिवेदन वरीय अधिकारियों को भेजा जाएगा तथा अस्पताल की सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

