home page

अब सूरज की रोशनी से जगमगाएंगे गरीबों के घर

 | 
अब सूरज की रोशनी से जगमगाएंगे गरीबों के घर


अब सूरज की रोशनी से जगमगाएंगे गरीबों के घर


सीवान, 14 जून (हि.स.)। बिजली बिल की चिंता से जूझ रहे गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत बिहार के 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया गया है। करीब 1512 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वच्छ, सस्ती और टिकाऊ बिजली उपलब्ध होगी।

ऊर्जा विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में इस योजना का विधिवत शुभारंभ किया गया। सीवान में जिलाधिकारी, अपर समाहर्ता समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी समाहरणालय स्थित सभाकक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

योजना के तहत पात्र लाभुकों के घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे उन्हें बिजली की नियमित उपलब्धता के साथ बिजली खर्च में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। इसके अलावा नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिलने से पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में भी मदद मिलेगी।

अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे गरीब परिवार न केवल बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनेंगे, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग से हरित भविष्य के निर्माण में भी सहभागी बनेंगे।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इसे जनहित की बड़ी योजना बताते हुए लोगों से अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और ऊर्जा विभाग इस योजना को घर-घर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma