home page

कोसी पुनर्वासित परिवारों का फूटा आक्रोश, होल्डिंग टैक्स से मुक्ति और जमीन का मालिकाना हक देने की मांग

 | 
कोसी पुनर्वासित परिवारों का फूटा आक्रोश, होल्डिंग टैक्स से मुक्ति और जमीन का मालिकाना हक देने की मांग


सुपौल, 12 जुलाई (हि.स.)। नगर परिषद सुपौल के वार्ड संख्या-15 में शनिवार को कोसी पुनर्वास में बसे सैकड़ों विस्थापित परिवारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोसी तटबंध निर्माण के दौरान विस्थापित होकर पुनर्वास में बसाए गए परिवारों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता शिवनारायण ने की, जबकि संचालन रमेश कुमार यादव ने किया। समाजसेवी लव यादव की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में बड़ी संख्या में पुनर्वासित परिवारों के लोग शामिल हुए। बैठक का मुख्य मुद्दा नगर परिषद सुपौल द्वारा कोसी पुनर्वास में बसे परिवारों से होल्डिंग टैक्स की वसूली किए जाने का विरोध और उन्हें सरकार की ओर से गरीबों के लिए संचालित आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग रहा। बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि वर्षों से पुनर्वास में रहने के बावजूद उन्हें अब तक जमीन का मालिकाना अधिकार नहीं मिल सका है, जिसके कारण वे सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं।

इस मौके पर समाजसेवी लव यादव ने कहा कि कोसी तटबंध निर्माण के समय हजारों परिवारों को विस्थापित कर सरकार द्वारा पुनर्वास में बसाया गया था। लेकिन आज तक इन परिवारों को पुनर्वास की जमीन का मालिकाना हक नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि जमीन का अधिकार नहीं मिलने के कारण गरीब परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य सरकारी आवास योजनाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अब नगर परिषद सुपौल द्वारा पुनर्वास में बसे लोगों को होल्डिंग टैक्स जमा करने के लिए नोटिस जारी किया गया है, जिससे लोगों में काफी नाराजगी है। उन्होंने मांग की कि कोसी पुनर्वास में बसे परिवारों को होल्डिंग टैक्स से पूरी तरह मुक्त किया जाए, पुनर्वासित परिवारों को जमीन का मालिकाना हक दिया जाए और गरीब परिवारों को आवास योजना सहित सभी सरकारी सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पुनर्वासित परिवार लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। सरकार और प्रशासन को उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करना चाहिए। लोगों ने एक स्वर में कहा कि उन्हें होल्डिंग टैक्स से मुक्ति, जमीन का अधिकार और आवास योजना का लाभ हर हाल में मिलना चाहिए।

बैठक के दौरान मौजूद लोगों ने चेतावनी दी कि यदि सुपौल नगर परिषद और जिला प्रशासन द्वारा इस दिशा में जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आगामी 3 अगस्त को कोसी पुनर्वास में बसे हजारों परिवार धरना प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद भी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो चरणबद्ध तरीके से बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र