home page

एसएसबी 21वीं वाहिनी में हिन्दी पखवाड़े का समापन, साइबर सुरक्षा जागरूकता माह शुरू

 | 
एसएसबी 21वीं वाहिनी में हिन्दी पखवाड़े का समापन, साइबर सुरक्षा जागरूकता माह शुरू


एसएसबी 21वीं वाहिनी में हिन्दी पखवाड़े का समापन, साइबर सुरक्षा जागरूकता माह शुरू


पश्चिम चम्पारण (बगहा), 6 अक्टूबर (हि.स.)। एसएसबी 21वीं वाहिनी, बगहा में 21 सितम्बर से चार अक्टूबर तक आयोजित हिन्दी पखवाड़े का मंगलवार को समापन हुआ। इस दौरान राजभाषा हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिए निबंध लेखन, वाद-विवाद, कविता पाठ और हिन्दी शब्दकोश सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें वाहिनी के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

वाहिनी मुख्यालय में आयोजित समापन समारोह में कमांडेंट तपेश्वर सांबित राउत ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने जवानों को सरकारी एवं दैनिक कार्यों में हिन्दी का अधिकाधिक प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।

इसी अवसर पर राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह-अक्टूबर 2026 का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान वाहिनी के कार्मिकों को साइबर खतरों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और डेटा सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कमांडेंट ने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, साइबर हाईजीन अपनाने तथा डिजिटल गतिविधियों में सतर्कता बरतने की अपील की।

कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी सुरेश शर्मा, हिन्दी अधिकारी एवं दण्डपाल यशवंत कुमार, उप कमांडेंट सहित अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। समारोह का समापन सरकारी कार्यों में हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग तथा साइबर सुरक्षित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी