home page

सेवाओं एवं विकास योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा

 | 
सेवाओं एवं विकास योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा


सेवाओं एवं विकास योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा


समस्तीपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। समाहरणालय सभागार में डॉ एन विजयलक्ष्मी , भा०प्र०से०, अपर मुख्य सचिव, योजना एवं विकास विभाग-सह-प्रभारी सचिव, समस्तीपुर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में एलपीजी, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति, प्रवासी श्रमिकों के हित और विभिन्न विभागीय योजनाओं की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा की गई एवं संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।प्रभारी सचिव ने जिला में एलपीजी के स्टॉक, बैकलाग और वेटिंग टाइम की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को रिफिल के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े, इसे सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, डीजल और पेट्रोल की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने का आदेश दिया गया।

जिले में पीएनजी पाइपलाइन बिछाने और इसके कार्यान्वयन की तैयारियों पर चर्चा की गई। उन्होंने बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाने का निर्देश दिया ताकि शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ ईंधन की पहुंच सुलभ हो सके। वस्तु अधिनियम के तहत खाद्य पदार्थों की कीमतों की सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए। मुनाफाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए नियमित छापेमारी और बाजार अनुश्रवण करने को कहा गया ताकि आम जनता को उचित दर पर सामग्री मिल सके।

प्रवासी मजदूरों के हितों की सुरक्षा और उनके कौशल मैपिंग पर जोर दिया गया। सरकारी आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों के संचालन की स्थिति का जायजा लिया गया। 'दीदी की रसोई' के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने और इसे सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।आगामी सीजन को देखते हुए उर्वरकों (खाद) की उपलब्धता की समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने पिछले वर्षों के विक्रय प्रतिवेदन के आधार पर खाद की मांग और आपूर्ति का संतुलन बनाए रखने का निर्देश दिया ताकि किसानों को समस्या न हो।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को सक्रिय रहने का निर्देश देते हुए कहा गया कि दैनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक खबरों का तत्काल खंडन करने और जिला कंट्रोल रूम को 24x7 प्रभावी ढंग से संचालित करने का आदेश दिया गया।प्रशासन का मुख्य उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी सेवाओं का लाभ पहुँचाना है। किसी भी आवश्यक वस्तु की किल्लत बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

बैठक के अंत में जिला के अन्य विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर प्रभारी जिलाधिकारी सह उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ,पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर अरविंद प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता समस्तीपुर ब्रजेश कुमार, सहित सभी संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / त्रिलोकनाथ उपाध्याय