home page

भीषण गर्मी में बदला बाजार का समय, सुबह-शाम खरीदारी को मजबूर लोग

 | 
भीषण गर्मी में बदला बाजार का समय, सुबह-शाम खरीदारी को मजबूर लोग


सुपौल, 25 अप्रैल (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज क्षेत्र में पड़ रही तेज गर्मी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी के कारण लोग बीमार पड़ने लगे हैं, जिससे बचाव के लिए अब लोगों ने अपनी दिनचर्या बदल ली है। खासकर जिन घरों में शादी-विवाह का माहौल है, वहां के लोग सुबह और शाम के समय ही बाजार का रुख कर रहे हैं।

जो दुकानें पहले सुबह 10 बजे के बाद खुलती थीं, अब वे सुबह 8 बजे ही खुल जा रही हैं। हालांकि 10 बजे के बाद ही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करने लगती हैं, फिर भी जरूरत के चलते लोग खरीदारी के लिए मजबूर हैं। जिन लोगों की खरीदारी देर तक चल रही है, वे बीच-बीच में छायादार स्थानों पर आराम करते नजर आ रहे हैं।

नगर के दुर्गा मंदिर चौक पर स्थित दुकान में शृंगार सामग्री खरीद रही रेखा देवी ने बताया कि वह परिवार की महिलाओं के साथ आई हैं। उनकी ननद की शादी 28 अप्रैल को है, इसलिए जरूरी सामान की खरीदारी पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब अधिकतर सामान खरीद लिया गया है और जल्द ही गांव लौट जाएंगी। वहीं, शनिचर हाट के पास मिले सिमरिया के महेंद्र यादव ने बताया कि उनके बेटे का तिलक 30 अप्रैल को है। उन्होंने तेल, मसाला और दाल सहित जरूरी सामान खरीद लिया है और अब ई-रिक्शा से गांव लौटने की तैयारी में हैं। उनके साथ उनका पोता आदित्य भी मौजूद था।

गर्मी को देखते हुए शादी और तिलक समारोह में मेहमानों के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। आयोजक छायादार स्थल, पंखे का इंतजाम कर रहे हैं, ताकि भीषण गर्मी में भी मेहमानों को राहत मिल सके। कुछ परिवार मेहमानों को उपहार के रूप में उपयोगी किट भी दे रहे हैं, जिसमें पानी की बोतल, सनस्क्रीन और हल्के नाश्ते जैसी चीजें शामिल हैं। कुल मिलाकर, भीषण गर्मी ने लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह बदल दिया है। लोग अब जरूरी काम सुबह और शाम में ही निपटाने लगे हैं, ताकि गर्मी के प्रकोप से बचा जा

सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र