home page

किशनगंज में 4.70 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

 | 
किशनगंज में 4.70 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार


किशनगंज, 24 जून (हि.स.)। जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस ने कोचाधामन थाना क्षेत्र से 2.357 किलोग्राम स्मैक/हेरोइन जैसी प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4 करोड़ 70 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक किआ सोनेट कार तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि मादक पदार्थ तस्करों का एक गिरोह पश्चिम बंगाल से बड़ी खेप लेकर कोचाधामन क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में जिला आसूचना इकाई, एएनटीएफ, कोचाधामन थाना एवं धनपुरा पिकेट के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

रहमतपाड़ा के समीप वाहन जांच अभियान के दौरान एक किआ सोनेट कार पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगी। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर कार के बोनट के अंदर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त बॉक्स से 2.357 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मधेपुरा निवासी रजनीश कुमार और सुशांत कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे संगठित सिंडिकेट के माध्यम से मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री और तस्करी करते हैं। पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क में पश्चिम बंगाल के मालदा और मधेपुरा के कई तस्कर शामिल हैं। बरामद खेप मालदा से मधेपुरा ले जाई जा रही थी।

इस संबंध में कोचाधामन थाना कांड संख्या 343/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी, मादक पदार्थ के बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंक और अपराध से अर्जित संपत्ति की जांच में जुटी है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा मुक्त किशनगंज के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह