home page

एनएच-327ई पर दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन गंभीर

 | 
एनएच-327ई पर दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन गंभीर


किशनगंज, 07 अक्टूबर (हि.स.)। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के एनएच-327ई पर भेलगुड़ी के समीप बुधवार को दो अनियंत्रित ट्रकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों मे दीपक, मोहम्मद नजीम और राजन के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को क्षतिग्रस्त ट्रकों से निकालकर इलाज के लिए ठाकुरगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

पीएचसी में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। बताया गया कि घायलों में दो की स्थिति गंभीर बनी हुई थी। उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने तीनों को एंबुलेंस से सदर अस्पताल किशनगंज रेफर कर दिया। इधर, हादसे के बाद दोनों ट्रकों के सड़क पर खड़े रहने से एनएच-327ई पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर ठाकुरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने दुर्घटना का जायजा लेने के साथ घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दोनों ट्रकों के अनियंत्रित होकर आमने-सामने आने की बात सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदार वाहन चालकों की भूमिका की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह