home page

सिंगापुर की तर्ज पर बसेगा हरिहरनाथपुरम: राजीव प्रताप रूडी

 | 
सिंगापुर की तर्ज पर बसेगा हरिहरनाथपुरम: राजीव प्रताप रूडी


सिंगापुर की तर्ज पर बसेगा हरिहरनाथपुरम: राजीव प्रताप रूडी


सारण, 24 अप्रैल (हि.स.)। सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी की महत्वाकांक्षी परिकल्पना हरिहरनाथपुरम अब धरातल पर उतरने को तैयार है। सांसद रूडी ने सोनपुर को विश्व के सबसे आधुनिक शहर सिंगापुर की तर्ज पर विकसित करने का एक व्यापक रोडमैप साझा किया है। यह परियोजना न केवल बिहार बल्कि देश के सबसे व्यवस्थित सैटेलाइट शहरों में से एक होगी।

सांसद रूडी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि यह परियोजना सोनपुर को देश के सबसे व्यवस्थित सैटेलाइट शहरों की श्रेणी में खड़ा कर देगी। इस प्रोजेक्ट के पीछे के तर्क को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि भौगोलिक रूप से सोनपुर और सिंगापुर में समानताएं हैं। जहाँ सिंगापुर का क्षेत्रफल लगभग 733-744 वर्ग किलोमीटर है वहीं सोनपुर का विस्तार अब 680 वर्ग किलोमीटर के दायरे में किया जा रहा है। जिस तरह सिंगापुर अपनी समुद्री तटरेखा के कारण वैश्विक आकर्षण का केंद्र है ठीक उसी तरह सोनपुर गंगा और गंडक जैसी दो विशाल नदियों के संगम पर स्थित है। यह भौगोलिक समानता इसे पर्यटन और व्यापारिक हब बनाने के लिए सर्वोत्तम बनाती है। विगत 5 वर्षों से विशेषज्ञों की टीम के साथ तैयार किए जा रहे इस मास्टर प्लान में कई बड़ी योजनाएं शामिल हैं।

सोनपुर में पहले से ही एक आधुनिक हवाई अड्डे का निर्माण स्वीकृत है जो सारण को सीधे वैश्विक हवाई नेटवर्क से जोड़ेगा। इसके अतिरिक्त पटना के मरीन ड्राइव की तर्ज पर सोनपुर-आमी गंगा पथ का निर्माण यातायात और सुंदरता को नया आयाम देगा।

रूडी का कहना है कि हरिहरनाथपुरम का आकार और सुविधाएं रायपुर, ढोलेरा और न्यू चंडीगढ़ जैसे नए विकसित शहरों से भी अधिक व्यापक होंगी। यह प्रोजेक्ट सोनपुर की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और निवेश की अपार संभावनाएं पैदा करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार