home page

तिरंगे के सम्मान में सड़कों पर उतरे एनसीसी कैडेट, गूंजे देशभक्ति के नारे

 | 
तिरंगे के सम्मान में सड़कों पर उतरे एनसीसी कैडेट, गूंजे देशभक्ति के नारे


बक्सर, 10 अगस्त (हि.स.)। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 30 बिहार बटालियन एनसीसी, बक्सर के तत्वावधान में सोमवार को भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। कमान अधिकारी कर्नल हेमंत कुमार बेलवान के नेतृत्व एवं अध्यक्षता में आयोजित रैली में एनसीसी कैडेटों ने हाथों में तिरंगा लेकर लोगों में देशभक्ति की भावना जगाई।

रैली की शुरुआत स्थानीय आईटीआई फील्ड से हुई। कैडेट्स अनुशासित मार्च करते हुए इटाढ़ी मार्ग की ओर बढ़े। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया।

कमान अधिकारी कर्नल हेमंत कुमार बेलवान ने कहा कि तिरंगा देश की राष्ट्रीय एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना पैदा करना है।

उन्होंने अभियान में सभी पीआई, एनसीसी कैडेट्स एवं सिविल स्टाफ की भागीदारी की सराहना की। रैली के माध्यम से आम लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव प्रदर्शित करने की अपील की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra