home page

‘हर घर तिरंगा अभियान–2026’ के अंतर्गत 10 अगस्त को पटना में निकलेगी भव्य ‘तिरंगा यात्रा’

 | 
‘हर घर तिरंगा अभियान–2026’ के अंतर्गत 10 अगस्त को पटना में निकलेगी भव्य ‘तिरंगा यात्रा’


पटना, 08 अगस्त (हि.स.)।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बिहार सरकार द्वारा ‘हर घर तिरंगा अभियान–2026 का व्यापक आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत 10 अगस्त 2026 को पटना में भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली जाएगी।

इसी संबंध में कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ प्रमोद कुमार ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि अभियान के अंतर्गत प्रत्येक जिले एवं प्रखंड स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके तहत राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता एवं वितरण के साथ विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक संस्थानों में आम नागरिकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

डॉ प्रमोद ने कहा कि अभियान के दौरान तिरंगा रैली/यात्रा, ‘सेल्फी विद तिरंगा’, तिरंगा थीम पर आधारित प्रकाश सज्जा, तिरंगा रंगोली तथा ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हर प्रखंड को 4 हजार तिरंगे झंडे उपलब्ध कराए जाएंगे। तिरंगे झंडों की आपूर्ति जीविका के माध्यम से की जाएगी।

उन्होंने बताया कि बिहार सरकार द्वारा 10 अगस्त को पटना में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में यह यात्रा प्रातः 10:00 बजे जेपी गोलंबर से प्रारंभ होकर कारगिल चौक तक जाएगी। मंत्री ने कहा कि यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का उत्सव है। भारत का तिरंगा करोड़ों भारतीयों के त्याग, बलिदान, संघर्ष और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य इसी राष्ट्रीय भावना को जन-जन तक पहुंचाना और प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ना है।

मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। यात्रा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण /किया जा चुका है तथा पूरे मार्ग पर बैरिकेडिंग एवं तिरंगा थीम पर सजावट की जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से रूट सैनिटाइजेशन, पर्याप्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा आपातकालीन निकासी की समुचित व्यवस्था की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी