हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिलेभर में निकली तिरंगा यात्रा
सुपौल, 13 अगस्त (हि.स.)। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत गुरुवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान निबंध लेखन, भाषण प्रतियोगिता, तिरंगा प्रदर्शन, तिरंगा यात्रा और तिरंगा रैली के माध्यम से लोगों और विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत किया गया।
मरौना प्रखंड स्थित प्रखंड संसाधन केंद्र में बच्चों के बीच निबंध लेखन एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं एलएनएमएस कॉलेज, वीरपुर में एनएसएस के तत्वावधान में तिरंगा प्रदर्शन किया गया।
पिपरा प्रखंड की तुलापट्टी पंचायत में तिरंगा रैली निकाली गई। सरायगढ़ प्रखंड की झीला डूंगरी पंचायत में भी लोगों ने तिरंगा रैली निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया। बसंतपुर प्रखंड के परमानंदपुर पंचायत स्थित मदरसा के बच्चों एवं लोगों ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। निर्मली प्रखंड के वाइब्रेंट विलेज बॉर्डर एरिया ग्राम कुनौली में एसएसबी जवानों, मुखिया प्रतिनिधि एवं विद्यार्थियों ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। पंचायत कटरा के कदमपुरा में आयोजित तिरंगा यात्रा में मुखिया, जनप्रतिनिधि, ग्रामीणों एवं स्वच्छता कर्मियों ने भाग लिया।
वहीं बसंतपुर प्रखंड के भगवानपुर पंचायत में एसएसबी जवानों, जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशप्रेम का संदेश दिया। जिले के विभिन्न हिस्सों में आयोजित इन कार्यक्रमों में आमजनों के साथ समाज के विभिन्न वर्गों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही। तिरंगा यात्रा और रैलियों के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। जिला प्रशासन के अनुसार, इन आयोजनों का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

