home page

हर घर तिरंगा अभियान का पिपरा में आगाज, राष्ट्रध्वज के साथ दिखा देशभक्ति का उत्साह

 | 
हर घर तिरंगा अभियान का पिपरा में आगाज, राष्ट्रध्वज के साथ दिखा देशभक्ति का उत्साह


सुपौल, 10 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को पिपरा प्रखंड मुख्यालय परिसर से राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ की शुरुआत की गई। प्रभारी बीडीओ सदरूल हसन के नेतृत्व में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में अधिकारियों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अभियान के तहत प्रखंड मुख्यालय परिसर में तिरंगा प्रदर्शनी सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान परिसर में जगह-जगह राष्ट्रध्वज लहराता नजर आया और पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा। सामूहिक राष्ट्रगान के दौरान लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ महज राष्ट्रध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और नागरिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक परिवारों एवं आम नागरिकों को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान बनाए रखने तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र