हर खेत तक सिंचाई योजना की समीक्षा, एक सप्ताह में सीमांकन और नक्शा तैयार करने का निर्देश
सुपौल, 25 मार्च (हि.स.)। जिले में “हर खेत तक सिंचाई का पानी” कार्यक्रम को गति देने के उद्देश्य से बुधवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त सुश्री सारा अशरफ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की। इसमें सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी एवं लघु सिंचाई प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता शामिल हुए।
बैठक के दौरान लघु सिंचाई प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि सात निश्चय-3 के अंतर्गत छुट्टी हुई योजनाओं का सर्वेक्षण कार्य पूरा कर लिया गया है। यह कार्य कनीय अभियंताओं द्वारा संबंधित ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के समन्वय से किया गया है, जिसके तहत जिले में नई योजनाओं का चयन किया गया है। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि चयनित सभी योजनाओं का सीमांकन शीघ्र कराया जाए तथा उनका नजरी नक्शा तैयार कर एक सप्ताह के भीतर कार्यपालक अभियंता को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को इस कार्य में तेजी लाने और समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
साथ ही कार्यपालक अभियंता को भी निर्देशित किया गया कि वे अपने अधीनस्थ कनीय एवं सहायक अभियंताओं को प्रखंड स्तर के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य में सहयोग करने के लिए निर्देश दें, ताकि योजना का लाभ किसानों तक जल्द से जल्द पहुंच सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि “हर खेत तक सिंचाई का पानी” कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी स्तरों पर समन्वय और त्वरित कार्रवाई आवश्यक है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

